Breaking News
Home / ताजा खबर / कांग्रेस के कद्दावर नेता अहमद पटेल का निधन, दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि

कांग्रेस के कद्दावर नेता अहमद पटेल का निधन, दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि

कांग्रेस पार्टी के कद्दावर नेताओं में शुमार अहमद पटेल अब इस दुनिया में नहीं रहे हैं। अहमद पटेल एक महीने पहले कोरोना संक्रमित हुए थे और उसके बाद से ही अस्पताल में थे। आज सुबह गुरुग्राम के अस्पताल में अहमद पटेल का 71 साल की उम्र में निधन हो गया। अहमद पटेल के बेटे फैजल ने अपने पिता के मौत की जानकारी ट्वीट करके की है।

वहीं अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता के निधन पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शोक जाहिर किया है। राहुल ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘ये एक दुखद दिन है। अहमद पटेल कांग्रेस पार्टी के एक स्तंभ थे। उन्होंने कांग्रेस में रहकर सांस ली और सबसे कठिन समय में पार्टी के साथ खड़े रहे। हम उन्हें याद करेंगे। फैसल, मुमताज और परिवार को मेरा प्यार और संवेदना।

इसके अलावा कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने भी अहमद पटेल के निधन पर शोक जाहिर किया है। प्रियंका ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘अहमद जी न केवल एक बुद्धिमान और अनुभवी सहकर्मी थे, जिनसे मैं लगातार सलाह और परामर्श लेती थी। वे एक ऐसे दोस्त थे जो हम सभी के साथ खड़े रहे, दृढ़, निष्ठावान और अंत तक भरोसेमंद रहे। उनका निधन एक विशाल शून्य छोड़ देता है। उनकी आत्मा को शांति मिले।’

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अहमद पटेल के निधन पर दुख प्रकट किया है। पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा कि अहमद पटेल के निधन से दुखी हूं। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में कई साल बिताए, समाज की सेवा की। कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका हमेशा याद की जाएगी। उनके बेटे फैसल से बात की और संवेदना व्यक्त की। अहमद भाई की आत्मा को शांति मिले।

दरअसल अहमद पटेल के बेटे फैजल ने सोशल मीडिया के जरिए अहमद पटेल के निधन की जानकारी दी थी। उन्होंने लिखा था कि – दुःख के साथ मुझे अपने पिता अहमद पटेल के असामयिक निधन की घोषणा करने का अफसोस है। एक महीने पहले COVID पॉजिटिव पाए जाने के बाद उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया। कई अंग फेल हो गए। अपने सभी शुभचिंतकों से सामूहिक समारोहों से बचने के लिए COVID -19 नियमों का पालन करने का अनुरोध करता हूं।


पटेल का जन्म 21 अगस्त 1949 को गुजरात के भरूच में हुआ था। पटेल 3 बार लोकसभा सांसद और 4 बार राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। इसके अलावा पटेल तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के संसदीय सचिव , 2001 से सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार भी रह चुके थे। जनवरी 1986 में वे गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष भी बने थे। 1977 से 1982 तक यूथ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे।

About Sakhi Choudhary

Check Also

बिहार में मुसलमानों की बदहाली पर PK का RJD पर बड़ा हमला

मुसलमान 32 साल से राजद को वोट दे रहा है, कोई राजद या तेजस्वी से …

Leave a Reply

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com