Breaking News
Home / ताजा खबर / बिहार के चुनावी रण में उतरा इस अभिनेता का बेटा, बीजेपी को उसके गढ़ में दी है चुनौती।

बिहार के चुनावी रण में उतरा इस अभिनेता का बेटा, बीजेपी को उसके गढ़ में दी है चुनौती।

बिहार विधानसभा चुनाव का रण अपने चरम पर है। तमाम सियासी दल ना सिर्फ एक दूसरे पर निशाने साध रहे हैं बल्कि सियासी रणनीति के तहत सेंध लगाने का काम भी लगातार जारी है। वहीं कभी बीजेपी का अहम हिस्सा रहे शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा भी इस बार बिहार के चुनावी रण में ताल ठोक रहे हैं। लव सिन्हा बांकीपुर सीट से कांग्रेस के टिकट पर मैदान में उतरे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा ने बीजेपी के गढ़ में चुनौती स्वीकार की है और कड़ी टक्कर देने की बात कही है। लव सिन्हा ने कहा कि चुनाव जीतकर ना सिर्फ मैं अपनी क्षमता साबित करूंगा बल्कि अपनी सियासी पारी की शुरुआत भी बिहार की धरती से करूंगा। दरअसल लव जिस बांकी विधानसभा सीट से उम्मीदवार हैं वो उसी पटना साहिब लोकसभा सीट का हिस्सा है जिसपर चुनाव लड़कर पिछली बार उनके पिता शत्रुघ्न सिन्हा हारे थे। इसे लेकर लव ने कहा कि ये चुनाव वो अपने पिता को मिली हार का बदला लेने के लिए नहीं लड़ रहे हैं। लव के मुताबिक वो पटना के लोगों के कल्याण के लिए सियासी रण में उतरे हैं।

अभिनय की दुनिया से सियासी रण में उतरे लव सिन्हा ने इस दौरान बीजेपी पर भी जमकर निशाना साधा है। लव ने कहा कि 2014 में सरकार में आने के बाद से बीजेपी ना सिर्फ बदल चुकी है बल्कि अब इस पार्टी के अंदर ज्यादा चर्चा नहीं होती है। बल्कि सिर्फ आदेश जारी होते हैं। वहीं कांग्रेस से सियासी शुरुआत करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैंने कांग्रेस को नहीं चुना बल्कि कांग्रेस ने मुझे चुना है। कांग्रेस ने मेरे काम को देखा। उन्होंने कहा कि मैं 2009 से अपने पिता के साथ काम कर रहा हूं। मुझे भरोसा है इसी काम की बदौलत कांग्रेस ने मुझपर भरोसा जताया है। वहीं बीजेपी के खिलाफ चुनाव लड़ने औऱ उसके गढ़ में उतरने की चुनौती को लेकर लव सिन्हा ने कहा कि क्या मुझे डरना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं सिर्फ खुद को साबित करने में भरोसा रखता हूं। जीत या हार मेरे वश में नहीं है, लोग जो फैसला करेंगे वो स्वीकार करना होगा।

वहीं उन्होंने बांकीपुर सीट के स्थानीय समीकरण को लेकर कहा कि यहां के विधायक नितिन नवीन के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी फैक्टर तेज है। उन्होंने कहा कि बीजेपी उम्मीदवार को ये सीट अपने पिता से विरासत में मिली थीजो बांकीपुर से विधायक रहे हैं। वहीं परिवारवाद को खुद से जोड़े जाने पर लव सिन्हा ने सफाई दी कि अगर ऐसा होता तो मैं लोकसभा चुनाव लड़ता ना कि विधानसभा चुनाव…।

लव सिन्हा काफी कॉन्फिडेंट दिख रहे हैं लेकिन क्या वो बीजेपी की चुनौती को हरा पाएंगे और अपना राजनीतिक सफर एक जीत के साथ शुरू कर पाएंगे। इन सवालों के जवाब इस सीट के नतीजों के बाद ही मिल सकेंगे। 

About Sakhi Choudhary

Check Also

बिहार में मुसलमानों की बदहाली पर PK का RJD पर बड़ा हमला

मुसलमान 32 साल से राजद को वोट दे रहा है, कोई राजद या तेजस्वी से …

Leave a Reply

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com