Breaking News
Home / ताजा खबर / बिहार चुनाव में सचिन-सहवाग की ‘एंट्री’, जानिए क्या बोले राजनाथ सिंह ?

बिहार चुनाव में सचिन-सहवाग की ‘एंट्री’, जानिए क्या बोले राजनाथ सिंह ?

बिहार चुनाव में तीसरे चरण के प्रचार के लिए सियासी दिग्गज पूरे दमखम के साथ जुटे हुए हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी बिहार में अपने चुनाव प्रचार अभियान के लिए पहुंचे। राजनाथ सिंह ने पूर्णिया के धमदाहा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए विरोधियों पर जमकर निशाना साधा। दरअसल राजनाथ सिंह एनडीए की उम्मीदवार लेसी सिंह के लिए चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे थे। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जिस तरह क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग  की जोड़ी है उसी तरह बिहार में बीजेपी और जेडीयू की साझेदारी है। उन्होंने कहा कि बीजेपी और जेडीयू ने मिलकर बिहार का हर क्षेत्र में विकास किया है।

इस दौरान राजनाथ सिंह के संबोधन में पाकिस्तान और चीन का भी जिक्र आया। उन्होंने कहा कि जब पाकिस्तान ने हमारे वायु सेना के विंग कमांडर अभिनंदन को पकड़ लिया था तो उसके विदेश मंत्री ने कहा कि जल्दी अभिनंदन को छोड़ो नहीं तो भारत मिसाइल छोड़ देगा। पाकिस्तान पर आज भारत का इस तरह का खौफ है। उन्होंने कहा कि गलवान में हमारे सैनिकों ने चीन को मुंहतोड़ जवाब देकर दिखा दिया। मैं ऐसे वीर सपूतों की माताओं को सलाम करता हूं।

वहीं अपने संबोधन के दौरान रक्षा मंत्री ने विपक्ष और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमारे कांग्रेस के साथी हमारी सेना के शौर्य पर सवाल उठाते हैं। ये किस तरह की राजनीति है। जिस समय देश को और सभी राजनीतिक दलों को पाकिस्तान और चीन के मुद्दे पर एकजुट होकर सेना का साथ देना चाहिए उसी वक्त कांग्रेस के लोग अपने ही देश की सेना के शौर्य और पराक्रम को लेकर सवाल पूछते हैं।

दरअसल बिहार विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान 7 नवंबर को होना है। इसे लेकर सभी पार्टियों ने प्रचार में पूरा जोर लगा दिया है। तीसरे चरण के लिए 15 जिलों की 78 सीटों पर मतदान होना है। सीमांचल की 24 सीटों पर सभी सियासी दलों की नजर हैं। वहीं कई नए सियासी समीकरण बनने से यहां मुकाबला भी दिलचस्प दिखाई दे रहा है।

About Sakhi Choudhary

Check Also

दिल्ली में सपा-आप का नया सियासी गठबंधन: अखिलेश-केजरीवाल की संयुक्त रैली से बदलेंगे चुनावी समीकरण

दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बार समाजवादी पार्टी …

Leave a Reply